भोपाल।
राजधानी भोपाल के कोहेफिजा थाना क्षेत्र स्थित हलालपुरा पटाखा बाजार में शुक्रवार तड़के भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग एक पटाखा दुकान में लगी, जिसके बाद दुकान में रखे पटाखों में लगातार विस्फोट होने लगे। धमाकों की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी और आग की लपटें कई फीट ऊंचाई तक उठती रहीं। घटना की सूचना मिलते ही फतेहगढ़, बैरागढ़, गांधीनगर सहित कई फायर स्टेशनों से दमकल वाहन मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग सुबह करीब 3:30 बजे हलालपुरा स्थित सोनी पटाखा दुकान में लगी। दुकान में बड़ी मात्रा में पटाखों का भंडारण होने के कारण आग तेजी से फैल गई और लगातार विस्फोट होते रहे। आग की तीव्रता को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के लिए मुख्य सड़क के एक हिस्से पर यातायात रोक दिया तथा आसपास की बिजली आपूर्ति भी अस्थायी रूप से बंद कराई, ताकि राहत कार्य सुरक्षित ढंग से किया जा सके।
दमकल कर्मियों ने लगभग साढ़े तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन दुकान में रखा पटाखों का बड़ा स्टॉक पूरी तरह जल गया, जिससे लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। सुबह का समय होने के कारण बाजार में भीड़ नहीं थी, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई।
घटना के बाद पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक जांच के बाद विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने कहा है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
आपको यह भी पसंद आ सकता है
Loading...
कोई टिप्पणी नहीं: