भोपाल: 'सेफ क्लिक 2.0' अभियान के तहत बरखेड़ा पठानी में साइबर रथ पहुंचा, नागरिकों को किया गया जागरूक

भोपाल, 29 जून। पुलिस महानिदेशक मध्यप्रदेश के निर्देश पर चलाए जा रहे 'सेफ क्लिक 2.0' अभियान के तहत सोमवार को डीसीपी जोन-2 विकास शाहवाल के नेतृत्व में थाना गोविंदपुरा क्षेत्र के बरखेड़ा पठानी में साइबर जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। इस दौरान साइबर रथ के माध्यम से नागरिकों को ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय बताए गए और साइबर सुरक्षा की शपथ दिलाई गई।

पुलिस अधिकारियों ने लोगों को बताया कि किसी भी अनजान लिंक, क्यूआर कोड या स्क्रीन शेयरिंग ऐप पर भरोसा न करें। बैंक खाते, एटीएम कार्ड, ओटीपी, एमपिन, सीवीवी और अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। केवाईसी अपडेट केवल बैंक की अधिकृत प्रक्रिया से ही कराएं।

अभियान के दौरान नागरिकों को डिजिटल अरेस्ट, फर्जी पुलिस अधिकारी, सीबीआई, ट्राई, बैंक अधिकारी, आयकर विभाग, कस्टम अधिकारी बनकर ठगी करने वाले साइबर अपराधियों के तरीकों की जानकारी दी गई। साथ ही सोशल मीडिया और वीडियो कॉल के माध्यम से होने वाली डीपफेक धोखाधड़ी से भी सतर्क रहने की सलाह दी गई।

पुलिस ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाए तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे समय रहते कार्रवाई कर धनराशि सुरक्षित कराई जा सके।

कार्यक्रम में सहायक पुलिस आयुक्त गोविंदपुरा अदिति बी. सक्सेना, थाना प्रभारी गोविंदपुरा अवधेश सिंह तोमर सहित थाना स्टाफ मौजूद रहा। पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक रहें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करें।

आपको यह भी पसंद आ सकता है

Loading...

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.
RRDdailynews Logo
RRD Daily News Usually replies within an hour
Hello, how can we help you? ...
Send