30 साल कांग्रेस में रहने के बाद राकेश सिंह यादव भाजपा में शामिल, प्रदेश प्रवक्ता की मिली जिम्मेदारी।
भोपाल, 9 जुलाई। मध्य प्रदेश की राजनीति में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आया, जब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व प्रदेश महासचिव राकेश सिंह यादव ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने प्रदेश कार्यालय में उन्हें पार्टी का अंगवस्त्र पहनाकर भाजपा परिवार में शामिल कराया। इसके बाद राकेश सिंह यादव ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुख्यमंत्री निवास पर सौजन्य भेंट भी की।
भाजपा में शामिल होने के अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने घोषणा की कि राकेश सिंह यादव को पार्टी में प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
खण्डेलवाल ने कहा कि राकेश सिंह यादव ने कांग्रेस संगठन में लगभग 30 वर्षों तक विभिन्न पदों पर कार्य किया, लेकिन सच बोलने के कारण उनकी आवाज को दबाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेतृत्व बिना तथ्य और साक्ष्य के आरोप लगाने की राजनीति करता है, जिससे कार्यकर्ताओं का विश्वास लगातार कम होता जा रहा है।
वहीं भाजपा की सदस्यता लेने के बाद राकेश सिंह यादव ने कांग्रेस नेतृत्व पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी पार्टी को "ब्रोकर" की तरह चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में सच बोलने वालों को बोलने नहीं दिया जाता और उनकी आवाज दबा दी जाती है।
राकेश सिंह यादव ने दावा किया कि कुछ समय पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के खिलाफ लगाए गए आरोपों के संबंध में उन्होंने पार्टी नेतृत्व से साक्ष्य मांगे थे, लेकिन कोई प्रमाण उपलब्ध नहीं कराया गया। इसके बाद मीडिया बहसों में कांग्रेस नेताओं की भागीदारी पर प्रतिबंध लगाया गया और उनकी बातों को भी महत्व नहीं दिया गया, जिसके चलते उन्होंने कांग्रेस छोड़ने का निर्णय लिया।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस संगठन में बड़े पदों के लिए पारदर्शिता नहीं है और कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की जाती है। उनके अनुसार कांग्रेस जनता के मुद्दों से दूर होती जा रही है, जिससे संगठन लगातार कमजोर हो रहा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि कांग्रेस के अनेक कार्यकर्ताओं का अपने नेतृत्व से भरोसा उठ चुका है और आने वाले समय में कई अन्य नेता भी भाजपा का दामन थाम सकते हैं।
सदस्यता कार्यक्रम के दौरान भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
आपको यह भी पसंद आ सकता है
Loading...
कोई टिप्पणी नहीं: