बनारस–हडपसर अमृत भारत एक्सप्रेस का शुभारंभ, भोपाल मंडल को बड़ी सौगात

28 अप्रैल को उद्घाटन स्पेशल ट्रेन का संचालन, बीना से हरदा तक यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ
भोपाल, 26 अप्रैल।
पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल को एक और बड़ी रेल सौगात मिलने जा रही है। यात्रियों की सुविधा और बेहतर कनेक्टिविटी को ध्यान में रखते हुए बनारस से हडपसर के बीच नई अमृत भारत एक्सप्रेस का शुभारंभ किया जा रहा है। इस ट्रेन का उद्घाटन विशेष फेरा 28 अप्रैल 2026 को संचालित होगा।
रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार गाड़ी संख्या 02531 बनारस–हडपसर उद्घाटन स्पेशल 28 अप्रैल को बनारस से शाम 4:45 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन अत्याधुनिक 22 कोच वाली अमृत भारत रेक के साथ चलेगी, जिससे यात्रियों को आधुनिक और आरामदायक सफर का अनुभव मिलेगा।
यह ट्रेन भोपाल मंडल के प्रमुख स्टेशनों बीना, रानी कमलापति, नर्मदापुरम, इटारसी और हरदा से होकर गुजरेगी, जिससे इन क्षेत्रों के यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा। निर्धारित समय सारणी के अनुसार ट्रेन बीना सुबह 5:15 बजे पहुंचेगी, रानी कमलापति 7:35 बजे, नर्मदापुरम 8:50 बजे, इटारसी 9:25 बजे और हरदा 10:20 बजे पहुंचेगी।
इसके बाद ट्रेन खंडवा, भुसावल, जलगांव, मनमाड, कोपरगांव और अहिल्यानगर होते हुए दौंड कॉर्ड लाइन के रास्ते अगले दिन रात 12:55 बजे हडपसर पहुंचेगी।
रेल प्रशासन के अनुसार फिलहाल यह उद्घाटन विशेष ट्रेन है और इसके नियमित संचालन को लेकर अलग से सूचना जारी की जाएगी।
नई अमृत भारत एक्सप्रेस के शुरू होने से पूर्व और पश्चिम भारत के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक रेल सेवा का लाभ मिलेगा।

आपको यह भी पसंद आ सकता है

Loading...

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.
RRDdailynews Logo
RRD Daily News Usually replies within an hour
Hello, how can we help you? ...
Send