ब्यावरा। राजगढ़ रोड स्थित शासकीय बालक हाई स्कूल में ‘स्कूल चलें हम’ अभियान के अंतर्गत ‘प्रवेशोत्सव कार्यक्रम 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नारायण सिंह पंवार ने किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को नि:शुल्क साइकिलें एवं पाठ्य पुस्तकें वितरित की गईं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री पंवार ने कहा कि शिक्षा जीवन का सबसे महत्वपूर्ण आधार है, इसके बिना जीवन अंधकारमय हो जाता है। उन्होंने बताया कि मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता एवं मूलभूत सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है, जिसके चलते शासकीय विद्यालयों में अभिभावकों का विश्वास बढ़ा है और नामांकन में लगभग 32.4 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सरकार शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। इससे प्रदेश में अशिक्षा तेजी से घट रही है और साक्षरता दर में सुधार हो रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2047 तक भारत विश्व की अग्रणी शक्ति के रूप में स्थापित होगा, जिसमें विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
मंत्री पंवार ने मातृभाषा और भारतीय संस्कृति के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि मातृभाषा में शिक्षा से समझ आसान होती है और संस्कार मजबूत होते हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक शिक्षा के साथ सांस्कृतिक मूल्यों को अपनाकर ही एक सशक्त और आत्मनिर्भर समाज का निर्माण किया जा सकता है।
उन्होंने ब्यावरा विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि बालिकाओं के लिए नए कन्या विद्यालय की घोषणा की गई है। महाविद्यालय में 100 बेड का छात्रावास तैयार हो चुका है, जबकि संदीपनी विद्यालय का निर्माण कार्य जारी है और अन्य स्कूलों में भी आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि जगदीश गुर्जर, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि पवन कुशवाह, जिला उपाध्यक्ष इंदर सिंह लववंशी, नारायण सिंह सालरियाखेड़ी, जगदीश पंवार, अमित शर्मा, मंडल अध्यक्ष राजू यादव, पार्षद विष्णु साहू, गोपाल जाटव, रवि बढ़ौने, मंडल महामंत्री सुमित सोलंकी, दीपक सामरे, अजय ठाकुर, सोनू जाटव, मंडल युवा मोर्चा अध्यक्ष गिरराज लववंशी, डीईओ करन सिंह भिलाला, एसडीएम गोविंद कुमार दुबे, जनपद सीईओ आर.के. मंडल, बीईओ दिलीप शर्मा, बीआरसी जी.के. दुबे सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
आपको यह भी पसंद आ सकता है
Loading...
कोई टिप्पणी नहीं: