भोपाल। राजधानी भोपाल के अयोध्यानगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुंडागर्दी और अड़ीबाजी करने वाले बदमाशों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से एक धारदार छुरी भी बरामद की गई है।
पुलिस आयुक्त संजय कुमार एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अवधेश गोस्वामी के निर्देश पर शहर में बढ़ती गुंडागर्दी और रंगदारी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में डीसीपी जोन-02 विवेक सिंह और अतिरिक्त डीसीपी गौतम सोलंकी के निर्देशन तथा एसीपी मनीष भारद्वाज के मार्गदर्शन में अयोध्यानगर पुलिस ने यह कार्रवाई की।
28 मार्च 2026 को झील नगर निवासी आशीष यादव उर्फ बब्बी और विक्की उर्फ विकास धनमेरिया ने अपने साथियों के साथ मिलकर राजीव नगर मैदान में फरियादी शिवम बिछैले से शराब पीने के लिए पैसों की मांग की। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और रौब जमाने की कोशिश की।
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। दबिश के दौरान आरोपी फरार मिले, लेकिन मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने राजीव नगर बी सेक्टर के एक पार्क से आशीष यादव को छुरी के साथ और उसके साथी विक्की को गिरफ्तार कर लिया।
⚖️ कई मामलों में पहले से दर्ज हैं केस
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं और उनके खिलाफ पहले भी मारपीट, गाली-गलौज, धमकी और अवैध गतिविधियों के कई मामले दर्ज हैं। आशीष यादव पर आर्म्स एक्ट सहित आधा दर्जन केस दर्ज हैं, जबकि विक्की पर भी कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
👮♂️ पुलिस का संदेश
पुलिस ने साफ किया है कि क्षेत्र में अड़ीबाजी, रंगदारी और गुंडागर्दी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। आम जनता में भय का माहौल पैदा करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
🚔 कॉलोनी में निकाला जुलूस
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों का क्षेत्र में जुलूस निकाला, जिससे आम जनता में सुरक्षा का विश्वास बढ़े और असामाजिक तत्वों में डर का माहौल बने।
👏 इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी महेश लिल्हारे सहित पूरी पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनकी तत्परता से आरोपियों को गिरफ्तार किया जा सका।
आपको यह भी पसंद आ सकता है
Loading...
कोई टिप्पणी नहीं: