भोपाल: मध्य प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। गुरुवार से प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी है। भोपाल, उज्जैन सहित कई जिलों में झमाझम बारिश हुई, जबकि इंदौर और जबलपुर में ओले गिरने की खबर है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 42 जिलों में अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में एक मजबूत वेदर सिस्टम एक्टिव है, जिसके कारण बारिश, तेज हवाएं और ओले गिरने की स्थिति बनी हुई है। कई इलाकों में हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।
गुरुवार को राज्य के 15 से अधिक जिलों में कहीं तेज बारिश हुई तो कहीं आंधी चली। सीहोर में तेज आंधी के कारण पंचायत वेब सीरीज का सेट तक गिर गया, जिससे नुकसान की खबर सामने आई है। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में फसलों को भी नुकसान होने की संभावना जताई जा रही है।
शुक्रवार सुबह से ही भोपाल समेत कई जिलों में बादल छाए हुए हैं और रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग का कहना है कि 6 अप्रैल तक प्रदेश में इसी तरह का मौसम बना रहेगा।
प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और कमजोर ढांचों से दूर रहने को कहा गया है। किसानों को भी अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की अपील की गई है।
संवाददाता रुचिका धोटे, भोपाल

कोई टिप्पणी नहीं: