मुरैना में दर्दनाक हादसा: बस ने महिला को कुचला, 30 फीट तक घसीटा, लोगों की चीख-पुकार के बावजूद नहीं रुकी बस, टायर में फंसी महिला की मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला बस के अगले टायर में फंस गई। इसके बावजूद चालक ने बस रोकने के बजाय उसे करीब 30 फीट तक घसीट दिया। इस दौरान महिला का शरीर सड़क पर घिसटता रहा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने जोर-जोर से चिल्लाकर बस रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक ने समय रहते वाहन नहीं रोका।
हादसे के बाद मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि बस (नंबर MP06P-1655) तेज रफ्तार में थी और चालक की लापरवाही इस हादसे की बड़ी वजह मानी जा रही है। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोषी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
संवाददाता रुचिका धोटे, भोपाल

कोई टिप्पणी नहीं: