भोपाल। इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट (IHM) भोपाल में आयोजित होने वाले बहुप्रतीक्षित फूड फेस्टिवल ‘सागरता 3.0 – जाम-ए-अवध’ को लेकर गुरुवार को प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में संस्थान के अधिकारियों ने बताया कि यह फूड फेस्टिवल 13 मार्च की शाम 7 बजे आईएचएम भोपाल परिसर में आयोजित किया जाएगा।
प्रेस वार्ता में बताया गया कि यह आयोजन पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार के क्षेत्रीय कार्यालय (पश्चिम एवं मध्य) के सहयोग से किया जा रहा है। फेस्टिवल का मुख्य उद्देश्य अवध की समृद्ध पाक परंपराओं और लखनऊ की शाही व्यंजन शैली को लोगों तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों को अवधी व्यंजनों की विशेष श्रृंखला का स्वाद चखने का अवसर मिलेगा। इसमें गलावटी कबाब, टिक्का सहित कई पारंपरिक अवधी व्यंजन तैयार किए जाएंगे। साथ ही लखनऊ की प्रसिद्ध दम पुख्त पाक शैली की झलक भी प्रस्तुत की जाएगी।
आयोजकों ने बताया कि फेस्टिवल में अवधी संस्कृति को जीवंत बनाने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम और सूफी संगीत का भी विशेष आयोजन किया जाएगा, जिससे अतिथियों को अवध की मेहमाननवाजी और सांस्कृतिक परंपराओं का अनुभव होगा।
यह आयोजन आईएचएम भोपाल के प्राचार्य डॉ. रोहित सरीन के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। इसका उद्देश्य छात्रों को अपनी पाक कला और रचनात्मकता प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करना तथा भारत की समृद्ध पाक विरासत को बढ़ावा देना है।
आपको यह भी पसंद आ सकता है
Loading...
कोई टिप्पणी नहीं: