बजट खर्च में पिछड़ी, कर्ज में आगे प्रदेश सरकार: अजय सिंहआखिरी दिनों में बजट खपाने की तैयारी, भ्रष्टाचार के संकेत।

भोपाल, 18 मार्च 2026। पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय सिंह ने प्रदेश सरकार की आर्थिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वित्त वर्ष समाप्त होने में महज 12 दिन शेष हैं, लेकिन सरकार अब तक लगभग 33 प्रतिशत बजट खर्च नहीं कर पाई है, जो करीब 1.10 लाख करोड़ रुपये के बराबर है।
अजय सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि पूरे साल निष्क्रिय रहने के बाद अब सरकार आखिरी पखवाड़े में इस भारी राशि को जल्दबाजी में खर्च करने की तैयारी कर रही है, जो सीधे तौर पर जनता के पैसे की बर्बादी और संभावित भ्रष्टाचार की ओर इशारा करता है।
उन्होंने कहा कि एक ओर सरकार विकास के नाम पर लगातार कर्ज ले रही है, वहीं दूसरी ओर बजट का समय पर उपयोग करने में असफल रही है। स्वास्थ्य, लोक निर्माण, कृषि और नवकरणीय ऊर्जा जैसे महत्वपूर्ण विभागों में औसतन केवल 60 प्रतिशत बजट ही खर्च हो पाया है, जो प्रशासनिक विफलता को दर्शाता है।
अजय सिंह ने प्रदेश की बढ़ती कर्ज स्थिति पर भी चिंता जताते हुए कहा कि पिछले एक सप्ताह में ही सरकार ने 9,900 करोड़ रुपये का नया कर्ज लिया है। इसके साथ ही प्रदेश पर कुल कर्ज का बोझ 5.10 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है, जिससे भविष्य में हर नागरिक पर आर्थिक दबाव बढ़ेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि नीति आयोग द्वारा भी राज्य की बढ़ती उधारी और कमजोर राजस्व वसूली पर सवाल उठाए जा चुके हैं। कृषि और स्वास्थ्य जैसे अहम क्षेत्रों में बजट का पूरा उपयोग न होना सरकार की प्राथमिकताओं पर प्रश्नचिन्ह लगाता है।
अंत में अजय सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार प्रदेश को आर्थिक संकट की ओर धकेल रही है। उन्होंने मांग की कि सरकार श्वेत पत्र जारी कर स्पष्ट करे कि प्रदेश को कर्ज के दलदल में क्यों झोंका जा रहा है।

आपको यह भी पसंद आ सकता है

Loading...

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.
RRDdailynews Logo
RRD Daily News Usually replies within an hour
Hello, how can we help you? ...
Send