भोपाल: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को विक्रम संवत 2083 के नव संवत्सर के अवसर पर मुख्यमंत्री निवास में पारंपरिक विधि-विधान के साथ भगवान सूर्य की पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
नव वर्ष के इस पावन अवसर पर मुख्यमंत्री ने भारतीय संस्कृति और परंपराओं के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि विक्रम संवत का नव संवत्सर भारतीय सभ्यता की गौरवशाली विरासत का प्रतीक है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे इस दिन को सकारात्मकता और नई ऊर्जा के साथ मनाएं।
मुख्यमंत्री निवास में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में विधिवत मंत्रोच्चार के साथ पूजा संपन्न हुई। पारंपरिक परिधान में मुख्यमंत्री ने पूरे श्रद्धा भाव से सूर्य उपासना की। इस अवसर पर उनके साथ परिवारजन और कुछ गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के नागरिकों को नव संवत्सर की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह नया वर्ष सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए। साथ ही उन्होंने प्रदेश के विकास और उन्नति के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प भी दोहराया।
संवाददाता: रुचिका धोटे, भोपाल

कोई टिप्पणी नहीं: