पिता तड़प रहे थे, थार वाला वीडियो बना रहा था: गोवा हादसे में पिता को खो चुकी बेटी का छलका दर्द; बोली- बदला नहीं, इंसाफ चाहिए



 

23 फरवरी की तारीख अब रुचिका शर्मा और उनके परिवार के लिए कभी न भूलने वाला दर्द बन गई है। जन्मदिन मनाने गोवा पहुंची रुचिका के परिवार पर उस वक्त कहर टूट पड़ा, जब एक तेज रफ्तार थार ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में उनके पिता भागतराम शर्मा की मौत हो गई, जबकि मां लीला शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गईं।

परिवार के मुताबिक, हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के बाद भागतराम शर्मा कार में बुरी तरह फंसे हुए तड़प रहे थे। आरोप है कि थार सवार युवक मदद करने के बजाय घटना का वीडियो बनाता रहा। यही बात अब बेटी रुचिका के दिल को सबसे ज्यादा चोट पहुंचा रही है।

गुरुवार को भागतराम शर्मा का शव भोपाल पहुंचा, जहां परिजनों और रिश्तेदारों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। घर में मातम पसरा है। रुचिका ने कहा कि वह बदला नहीं चाहतीं, लेकिन उन्हें न्याय चाहिए। उनका कहना है कि अगर समय रहते मदद मिल जाती तो शायद उनके पिता की जान बचाई जा सकती थी।

रुचिका ने बताया कि परिवार गोवा में उनका जन्मदिन मनाने गया था। खुशियों का यह सफर कुछ ही पलों में मातम में बदल गया। हादसे में उनकी मां लीला शर्मा को गंभीर चोटें आई हैं और उनका इलाज जारी है। परिवार ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और मामले की निष्पक्ष जांच हो।


स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि थार चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार इस हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

रुचिका का कहना है कि वह चाहती हैं कि इस मामले में ऐसी सजा हो, जिससे भविष्य में कोई भी हादसे के बाद मदद करने के बजाय वीडियो बनाने की हिम्मत न करे। परिवार न्याय की आस में है, जबकि 23 फरवरी की तारीख अब उनके लिए जिंदगी भर का जख्म बन चुकी है।

आपको यह भी पसंद आ सकता है

Loading...

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.
RRDdailynews Logo
RRD Daily News Usually replies within an hour
Hello, how can we help you? ...
Send