बरकतउल्ला विश्वविद्यालय में एम.एससी. इलेक्ट्रॉनिक्स को मिला नया स्वरूप, अब IoT और AI के साथ होगी पढ़ाई
भोपाल। तकनीकी शिक्षा को आधुनिक उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप बनाने की दिशा में बरकतउल्ला विश्वविद्यालय ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। विश्वविद्यालय के इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग में संचालित एम.एससी. इलेक्ट्रॉनिक्स पाठ्यक्रम में व्यापक बदलाव करते हुए शैक्षणिक सत्र 2026-27 से इसे एम.एससी. (Electronics, IoT and AI) के रूप में संचालित करने का निर्णय लिया गया है। इस नए पाठ्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को पारंपरिक इलेक्ट्रॉनिक्स के साथ-साथ आधुनिक तकनीकों जैसे Internet of Things (IoT) और Artificial Intelligence (AI) का ज्ञान प्रदान करना है।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार वर्तमान समय में IoT और AI दुनिया के सबसे तेजी से विकसित होने वाले तकनीकी क्षेत्रों में शामिल हैं। उद्योगों में इन क्षेत्रों के विशेषज्ञों की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे में छात्रों को भविष्य की तकनीकी चुनौतियों और रोजगार के अवसरों के लिए तैयार करने के उद्देश्य से पाठ्यक्रम में यह बदलाव किया गया है।
इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. एन.के. गौर ने बताया कि नया पाठ्यक्रम पूरी तरह उद्योगों की आवश्यकताओं और वर्तमान तकनीकी परिदृश्य को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि छात्रों को केवल सैद्धांतिक शिक्षा ही नहीं दी जाएगी, बल्कि उन्हें आधुनिक उपकरणों और तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी मिलेगा। पाठ्यक्रम में प्रोजेक्ट आधारित अध्ययन, प्रयोगशाला कार्य और उद्योग आधारित गतिविधियों को विशेष महत्व दिया जाएगा।
नए कोर्स की एक प्रमुख विशेषता विद्यार्थियों के लिए इंटर्नशिप की व्यवस्था होगी। इसके माध्यम से छात्र उद्योगों में कार्य करने का वास्तविक अनुभव प्राप्त कर सकेंगे और अपनी तकनीकी दक्षता को बेहतर बना सकेंगे। इससे छात्रों को रोजगार बाजार की मांग के अनुरूप कौशल विकसित करने में मदद मिलेगी।
शिक्षा एवं तकनीकी क्षेत्र के विशेषज्ञों का मानना है कि इस पाठ्यक्रम से छात्रों के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे। साथ ही IoT और AI आधारित स्टार्टअप, शोध एवं नवाचार के क्षेत्र में भी युवाओं को बेहतर संभावनाएं मिलेंगी। विश्वविद्यालय की यह पहल छात्रों को आधुनिक तकनीकी युग के अनुरूप सक्षम, नवाचारी और प्रतिस्पर्धी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
संवाददाता रुचिका धोटे, भोपाल
आपको यह भी पसंद आ सकता है
Loading...
कोई टिप्पणी नहीं: