नवलखा बस पार्किंग में आग का तांडव: धुएं का गुबार 5 किलोमीटर दूर तक दिखा, दमकल ने एक घंटे में पाया काबू
इंदौर के नवलखा क्षेत्र स्थित एक अवैध बस पार्किंग में सोमवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। वेल्डिंग का काम करते समय अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते वहां खड़ी पांच बसें आग की चपेट में आ गईं। आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही मिनटों में बसें धू-धू कर जलने लगीं और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगने के बाद एक के बाद एक चार तेज धमाके सुनाई दिए। लोगों का कहना है कि पार्किंग में मौजूद गैस सिलेंडर फटने से विस्फोट हुए, जिससे आग और तेजी से फैल गई। आग की ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार करीब पांच किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मचारियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन पांचों बसें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि जिस स्थान पर बसें खड़ी थीं, वहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। अवैध रूप से संचालित पार्किंग में वेल्डिंग जैसे खतरनाक काम किए जा रहे थे, जिससे बड़ा हादसा हो गया। घटना के बाद प्रशासन और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रशासन का कहना है कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि पार्किंग वैध थी या नहीं और सुरक्षा नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं।
संवाददाता रुचिका धोटे, भोपाल
आपको यह भी पसंद आ सकता है
Loading...
कोई टिप्पणी नहीं: