भोपाल। देश में जनगणना प्रक्रिया का दूसरा चरण आज से शुरू हो गया है। इस चरण के तहत करीब 1.7 लाख सरकारी कर्मचारी घर-घर जाकर लोगों और परिवारों की जानकारी एकत्र करेंगे। जिन नागरिकों ने पहले चरण में ऑनलाइन माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज नहीं की है, उनसे अब सीधे मुलाकात कर आवश्यक विवरण लिया जाएगा।
जनगणना विभाग के अनुसार, पहले चरण में 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक “सेल्फ एन्यूमरेशन” यानी ऑनलाइन जनगणना की सुविधा दी गई थी। इसमें नागरिकों को स्वयं पोर्टल पर जाकर अपनी और अपने परिवार की जानकारी भरनी थी। हालांकि, कई लोगों द्वारा यह प्रक्रिया पूरी नहीं की गई, जिसके चलते अब विभाग ने डोर-टू-डोर सर्वे का विकल्प लागू किया है।
दूसरे चरण में कर्मचारी प्रत्येक घर पर जाकर परिवार के सदस्यों की संख्या, उनकी आयु, शिक्षा, रोजगार, वैवाहिक स्थिति और अन्य सामाजिक-आर्थिक जानकारी दर्ज करेंगे। इस दौरान नागरिकों से सहयोग की अपील की गई है, ताकि सही और सटीक आंकड़े एकत्र किए जा सकें।
अधिकारियों का कहना है कि जनगणना के आंकड़े सरकार की नीतियों, योजनाओं और विकास कार्यों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। इसलिए सभी नागरिकों को सही जानकारी देने और सर्वे टीम के साथ सहयोग करने की आवश्यकता है।
जनगणना विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि सर्वे के दौरान जुटाई गई सभी जानकारी गोपनीय रखी जाएगी और इसका उपयोग केवल सरकारी कार्यों के लिए किया जाएगा।
संवाददाता रुचिका धोटे, भोपाल
आपको यह भी पसंद आ सकता है
Loading...
कोई टिप्पणी नहीं: