हरदा में भीषण गर्मी के बीच किसानों ने बड़ा आंदोलन छेड़ दिया है। करीब 43 डिग्री सेल्सियस तापमान के बावजूद जिले के लगभग 270 गांवों से किसान ‘घेरा डालो, डेरा डालो’ आंदोलन के तहत हरदा मंडी में जुटे। इस आंदोलन में लगभग 2 हजार ट्रैक्टरों के साथ बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए, जिससे पूरा क्षेत्र किसान आंदोलन का केंद्र बन गया है।
किसान अपने साथ एक महीने का राशन-पानी लेकर पहुंचे हैं, जिससे यह साफ संकेत मिलता है कि वे लंबी लड़ाई के लिए तैयार हैं। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में आटा, दाल और अन्य जरूरी खाद्य सामग्री के साथ किसानों ने मंडी परिसर में ही डेरा डाल लिया है।
बताया जा रहा है कि यह आंदोलन किसानों की 16 सूत्रीय मांगों को लेकर किया जा रहा है। इन मांगों में मुख्य रूप से गेहूं और मूंग की खरीद में आ रही समस्याएं, उचित समर्थन मूल्य (MSP), भुगतान में देरी और मंडी व्यवस्था में सुधार जैसे मुद्दे शामिल हैं। किसानों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
आंदोलन की वजह से हरदा मंडी और आसपास के क्षेत्रों में यातायात और प्रशासनिक व्यवस्था पर भी असर पड़ा है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और किसानों से बातचीत कर समाधान निकालने की कोशिश कर रहा है।
किसानों ने साफ कर दिया है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रख रहे हैं, लेकिन यदि उनकी मांगों को नजरअंदाज किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
संवाददाता रुचिका धोटे, भोपाल
आपको यह भी पसंद आ सकता है
Loading...
कोई टिप्पणी नहीं: