मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां डैम में नहाने गए 6 दोस्तों में से 3 नाबालिगों की डूबने से मौत हो गई। सभी दोस्त मौज-मस्ती के इरादे से डैम पर पहुंचे थे, लेकिन यह खुशी का पल कुछ ही मिनटों में मातम में बदल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी छह दोस्त डैम में नहाने के लिए उतरे थे। इसी दौरान तीन किशोर गहराई में चले गए। उन्हें तैरना नहीं आता था, जिसके कारण वे पानी में खुद को संभाल नहीं सके और देखते ही देखते डूबने लगे। साथ मौजूद अन्य दोस्तों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो पाए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और SDRF की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद SDRF के जवानों ने तीनों शवों को डैम से बाहर निकाला। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और मृतकों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे और बच्चों को डैम की गहराई का अंदाजा नहीं था। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे जलाशयों में नहाते समय सतर्कता बरतें और गहरे पानी में जाने से बचें।
संवाददाता रुचिका धोटे, भोपाल

कोई टिप्पणी नहीं: