मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के लसूड़िया इलाके में एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मामूली पार्किंग विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गुस्से में आकर एक पिता-पुत्र ने तेज रफ्तार कार सोसायटी के रहवासियों पर चढ़ा दी, जिसमें एक महिला इंजीनियर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार रात की है जब एक रिहायशी सोसायटी में पार्किंग को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते बहस बढ़ गई और मामला इतना बिगड़ गया कि आरोपी पिता-पुत्र ने अपनी कार से लोगों को कुचल दिया। इस खौफनाक घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
मृतक महिला की पहचान शंपा पाठक (पांडे) के रूप में हुई है, जो पेशे से इंजीनियर थीं। बताया जा रहा है कि वह मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गईं और अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई। वहीं, दो अन्य घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, आरोपी परिवार महज 13 दिन पहले ही इस सोसायटी में रहने आया था। घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है और लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि CCTV फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर समाज में बढ़ती आक्रामकता और छोटी-छोटी बातों पर हिंसा की प्रवृत्ति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए
संवाददाता रुचिका धोटे, भोपाल

कोई टिप्पणी नहीं: