“पेट्रोल पंपों पर उमड़ी भीड़: भोपाल–इंदौर–उज्जैन में 25% तक बढ़ी बिक्री” “LPG सिलेंडर के लिए लंबी कतारें, सरकार का दावा—MP में ईंधन की कोई कमी नहीं”
भोपाल, मध्य प्रदेश के कई शहरों में पेट्रोल और डीज़ल को लेकर अचानक भारी भीड़ देखने को मिल रही है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, रीवा और बालाघाट सहित कई इलाकों में पिछले 2–3 दिनों से पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लगी हुई हैं। स्थिति यह है कि लोग सुबह 5 बजे से ही अपनी गाड़ियों के साथ लाइन में लग रहे हैं और देर रात तक पंपों पर भीड़ बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव की खबरों के बाद लोगों में ईंधन की कमी की आशंका बढ़ गई है। इसी डर के चलते लोग जरूरत से ज्यादा पेट्रोल-डीजल भरवा रहे हैं, जिससे अचानक मांग में उछाल आया है।
तेल कंपनियों के अनुसार, सामान्य दिनों की तुलना में इन शहरों में पेट्रोल-डीजल की बिक्री करीब 25% तक बढ़ गई है। यही कारण है कि कई जगहों पर पंपों के बाहर वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं।
सिर्फ पेट्रोल-डीजल ही नहीं, बल्कि LPG सिलेंडर के लिए भी लोगों की भीड़ बढ़ गई है। कई गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।
हालांकि, राज्य सरकार और तेल कंपनियों ने स्थिति को लेकर साफ किया है कि मध्य प्रदेश में ईंधन की कोई कमी नहीं है। अधिकारियों का कहना है कि सप्लाई पूरी तरह सामान्य है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही ईंधन खरीदें, ताकि अनावश्यक भीड़ और अव्यवस्था से बचा जा सके।
संवाददाता रुचिका धोटे, भोपाल

कोई टिप्पणी नहीं: