रवींद्र भवन में ‘चक्रव्यूह’ की शानदार प्रस्तुति, दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध, इंडिम्यूज आर्ट्स फेस्टिवल 2026 का भव्य आगाज़,
भोपाल,। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित रवींद्र भवन में गुरुवार से चार दिवसीय इंडिम्यूज आर्ट्स फेस्टिवल 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। इस सांस्कृतिक महोत्सव के पहले ही दिन मंचित नाटक ‘चक्रव्यूह’ ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरे सभागार में तालियों की गूंज सुनाई दी।
कार्यक्रम की शुरुआत सिंधिया स्कूल के ब्रास बैंड की शानदार प्रस्तुति से हुई, जिसने माहौल को उत्साह और ऊर्जा से भर दिया। इसके बाद मंच पर प्रस्तुत नाटक ‘चक्रव्यूह’ ने महाभारत के प्रसिद्ध प्रसंग को जीवंत करते हुए दर्शकों को अंत तक बांधे रखा। कलाकारों की अभिनय क्षमता, संवाद अदायगी और मंच सज्जा ने कार्यक्रम को बेहद प्रभावशाली बना दिया।
नाटक में विशेष रूप से युद्ध के दृश्यों और चक्रव्यूह की संरचना को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिससे दर्शकों को वास्तविक अनुभव का एहसास हुआ। रोशनी और संगीत के संयोजन ने प्रस्तुति को और भी जीवंत बना दिया।
आयोजकों के अनुसार, यह चार दिवसीय महोत्सव विभिन्न कला रूपों—नाटक, संगीत, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों—का संगम है, जिसमें देशभर के कलाकार भाग ले रहे हैं। पहले दिन की सफलता के बाद आगामी दिनों में भी कई शानदार प्रस्तुतियों की उम्मीद जताई जा रही है।
संवाददाता रुचिका धोटे, भोपाल

कोई टिप्पणी नहीं: