ग्रामीणों ने पथराव किया, टीआई समेत 12 घायल , धार के धामनोद में अतिक्रमण हटाने गए थे अधिकारी; तहसीलदार की गाड़ी के शीशे टूटे
धामनोद, धार — जिले के धामनोद थाना क्षेत्र के ग्राम सिरसोदिया में शनिवार सुबह अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम पर ग्रामीणों ने अचानक पथराव कर दिया। इस घटना में थाना प्रभारी (टीआई) सहित करीब 12 लोग घायल हो गए। पथराव के दौरान तहसीलदार की गाड़ी के शीशे भी टूट गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 10 बजे तहसीलदार के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम और पुलिस बल ग्राम सिरसोदिया में एक मकान का अतिक्रमण हटाने पहुंचे थे। कार्रवाई शुरू होते ही कुछ ग्रामीणों ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया और देखते ही देखते भीड़ ने प्रशासनिक टीम पर पथराव कर दिया। अचानक हुए हमले से अधिकारी और पुलिसकर्मी संभल नहीं पाए और कई लोग घायल हो गए।
पथराव में धामनोद थाना प्रभारी प्रवीन ठाकरे, एक महिला पुलिसकर्मी सहित अन्य पुलिसकर्मी और कर्मचारी घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं घटना के दौरान तहसीलदार की गाड़ी पर भी पथराव किया गया, जिससे वाहन के शीशे टूट गए।
घटना के बाद अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पथराव में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
आपको यह भी पसंद आ सकता है
Loading...


कोई टिप्पणी नहीं: