आस्था, सेवा और संस्कारों का संगम: मंत्री नारायण सिंह पंवार


ब्यावरा। मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री नारायण सिंह पंवार शनिवार को अपने गृह ग्राम सेमलापार पहुंचे, जहां आयोजित सात दिवसीय विष्णु महायज्ञ की पावन पूर्णाहुति में उन्होंने सहभागिता की। वैदिक मंत्रोच्चार, हवन-यज्ञ और श्रद्धालुओं की भक्ति से वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत रहा। मंत्री पंवार ने भगवान विष्णु से क्षेत्र में शांति, सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा के संचार की कामना की।

इसके पश्चात छठ महापर्व के अवसर पर मंत्री पंवार ग्राम सलेहपुर स्थित दिव्य देवस्थान पहुंचे और भगवान दत्तात्रेय के दर्शन कर प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और आरोग्य की प्रार्थना की।

इसी क्रम में ग्राम पाडली महाराजा में भगवान देवनारायण के जन्मदिवस पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में मंत्री पंवार ने सहभागिता की। उन्होंने श्रद्धालुओं से संवाद कर पर्व की शुभकामनाएं दीं और कहा कि धार्मिक व सांस्कृतिक आयोजन समाज में एकता, सद्भाव और नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ करते हैं।

पाडली महाराजा में जनसहयोग से नव-निर्मित रामकृष्ण गोशाला का भी मंत्री पंवार ने गोमाता का विधिवत पूजन कर शुभारंभ किया। उन्होंने गोशाला को सेवा, करुणा और संस्कारों का सजीव प्रतीक बताते हुए कहा कि गौ-संरक्षण भारतीय संस्कृति की मूल आत्मा है और ऐसे प्रयास मानवीय मूल्यों को मजबूत करते हैं।

मंत्री पंवार ने कहा कि गोशाला केवल संरचना नहीं, बल्कि करुणा और सेवा की जीवंत पाठशाला है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।

आपको यह भी पसंद आ सकता है

Loading...

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.
RRDdailynews Logo
RRD Daily News Usually replies within an hour
Hello, how can we help you? ...
Send