जयपुर में 5वीं सॉफ्ट हॉकी नेशनल चैंपियनशिप का भव्य समापन खेल, संस्कृति और स्वदेशी परंपरा का अनूठा संगम

जयपुर। एमेच्योर सॉफ्ट हॉकी फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित 5वीं सॉफ्ट हॉकी नेशनल चैंपियनशिप का चार दिवसीय आयोजन एसएमएस हॉकी स्टेडियम, जयपुर में उत्साह, खेल भावना और गरिमामय वातावरण के बीच सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। समापन समारोह की शुरुआत राजस्थान बनाम महाराष्ट्र सीनियर बॉयज के रोमांचक मुकाबले से हुई, जिसके पश्चात विजेता व उपविजेता टीमों सहित खिलाड़ियों को पारितोषिक एवं सम्मान प्रदान किए गए।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. अरुण चतुर्वेदी (अध्यक्ष, वित्त आयोग राजस्थान) उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के तौर पर सुनैना प्रकाश (लीगल चेयरमेन, भारतीय ओलंपिक संघ एवं नेशनल चेयरमैन, एमेच्योर सॉफ्ट हॉकी लीग ऑफ इंडिया) ने शिरकत की। कार्यक्रम में सुरेश दीवान (निदेशक, ख्याति ट्रेडकॉम प्राइवेट लिमिटेड एवं शुभ लक्ष्मी कोल्ड स्टोरेज) सहित उद्योग जगत के प्रतिष्ठित प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
फेडरेशन की ओर से मंच पर डॉ. आशुतोष पंत (राष्ट्रीय अध्यक्ष), डॉ. आदित्य नाग (नेशनल वाइस चेयरमैन, एमेच्योर सॉफ्ट हॉकी लीग ऑफ इंडिया एवं राष्ट्रीय प्रभारी), जी.एस. राठौर (वरिष्ठ उपाध्यक्ष), शिखा पंत (राष्ट्रीय महासचिव) और रमेश सिंह उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में डॉ. आशुतोष पंत ने बताया कि बीते पाँच वर्षों में फेडरेशन ने एक राष्ट्रीय लीग और दो अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट सफलतापूर्वक आयोजित किए हैं तथा देश के करीब 20 राज्यों में सॉफ्ट हॉकी का संगठनात्मक विस्तार किया गया है। “हर घर हॉकी” अभियान के तहत वंचित वर्ग के बच्चों को निःशुल्क हॉकी स्टिक वितरित की जा रही हैं। लक्ष्य के अनुरूप एक लाख हॉकी वितरित करने की योजना है, जिनमें से अब तक एक हजार से अधिक हॉकी दी जा चुकी हैं। उन्होंने बताया कि इस चैंपियनशिप में 12 से अधिक राज्यों की टीमों ने भाग लिया, जो खेल के बढ़ते राष्ट्रीय प्रभाव का प्रमाण है। उल्लेखनीय है कि बेल्जियम के हॉकी खिलाड़ियों ने भी प्रतियोगिता का अवलोकन किया और अपने देश में सॉफ्ट हॉकी शुरू करने की इच्छा जताई।
मुख्य अतिथि डॉ. अरुण चतुर्वेदी ने खिलाड़ियों का अभिनंदन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन खेल प्रतिभाओं को मंच देने के साथ राष्ट्रीय एकता और अनुशासन को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी।
सुनैना प्रकाश ने आगामी सॉफ्ट हॉकी लीग चैंपियनशिप को उत्तर प्रदेश में आयोजित करने की संभावना जताई तथा भविष्य में दुबई में वर्ल्ड कप आयोजन का प्रस्ताव रखा, जिसे खेल जगत के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया गया।
धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए डॉ. आदित्य नाग ने सॉफ्ट हॉकी के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और स्वदेशी स्वरूप पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पेड़ों की टहनियों से बनी स्टिक और कपड़ों से बनी गेंद से खेले जाने वाले पारंपरिक खेलों की आधुनिक अभिव्यक्ति ही सॉफ्ट हॉकी है। उन्होंने इसे नए भारत की खेल-संस्कृति का पुनर्जागरण बताते हुए कहा कि यह खेल टीमवर्क, अनुशासन, फिटनेस और सामूहिक भावना जैसे मूल्यों को सुदृढ़ करता है।
समारोह के दौरान विभिन्न राज्यों से आए कोच, रेफरी और ऑफिशियल्स को भी सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय महासचिव रमेश सिंह ने बताया कि टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों के भोजन, आवास और अन्य सुविधाओं की उत्तम व्यवस्था की गई।
इस प्रकार 5वीं सॉफ्ट हॉकी नेशनल चैंपियनशिप खेल, संस्कृति, स्वदेशी परंपरा और आधुनिक दृष्टिकोण के सुंदर संगम के साथ सफलता पूर्वक संपन्न हुई।

आपको यह भी पसंद आ सकता है

Loading...

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.
RRDdailynews Logo
RRD Daily News Usually replies within an hour
Hello, how can we help you? ...
Send