भोपाल। थाना अयोध्यानगर पुलिस ने नकबजनी व वाहन चोरी की वारदातों में संलिप्त 03 शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर 04 चोरी की घटनाओं का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से धातु के कीमती कैप और 03 मोटरसाइकिल सहित लगभग 4.50 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी आदतन अपराधी हैं और भोपाल के विभिन्न थानों में इनके विरुद्ध कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। आरोपी रेपीडो व जोमैटो जैसी कंपनियों में डिलीवरी बॉय के रूप में कार्य करते थे और डिलीवरी के दौरान सुनसान स्थानों की रेकी कर नकबजनी व वाहन चोरी को अंजाम देते थे। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी नशे के आदी हैं और नशे व महंगे शौक पूरे करने के लिए अपराध करते थे।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त भोपाल हरिनारायणचारी मिश्र (IPS) व अति. पुलिस आयुक्त अवधेश गोस्वामी (IPS) के निर्देश तथा डीसीपी जोन-2 विवेक सिंह (IPS) के मार्गदर्शन में की गई। अति. पुलिस उपायुक्त गौतम सोलंकी के पर्यवेक्षण व सहायक पुलिस आयुक्त एम.पी. नगर संभाग मनीष भारद्वाज (IPS) के नित्य मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक महेश लिल्हारे के नेतृत्व में टीम गठित कर कार्रवाई की गई।
घटना विवरण:
दिनांक 21 जनवरी 2026 को फरियादी प्रशांत तिवारी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि अयोध्यानगर स्थित क्वीन मेरी स्कूल के सामने निर्माणाधीन स्थल के पास बने अस्थायी स्टोर रूम से लगभग 500 किलोग्राम वजन के धातु के बड़े कैप चोरी हो गए। मामले में अपराध क्रमांक 36/2026 धारा 303(2) बीएनएस दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीमों ने करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर तकनीकी व मुखबिर सूचना के आधार पर अयोध्यानगर फेस-5 पुलिया के पास से तीनों आरोपियों को पकड़ा। आरोपियों से चोरी किए गए चैंबर के 04 बड़े कैप तथा पिपलानी व हबीबगंज थाना क्षेत्र से चोरी की 03 मोटरसाइकिल जब्त की गईं।
बरामद माल:
चैंबर के 04 बड़े धातु कैप
03 मोटरसाइकिल (02 हीरो स्प्लेंडर, 01 होंडा साइन)
अनुमानित कीमत: 4,50,000 रुपये
आरोपी:
राजा पाल (22), निवासी सिद्ध नगर, सूखीसेवनिया – जोमैटो डिलीवरी बॉय
कुनाल उर्फ यश प्रधान (21), निवासी ईडब्ल्यूएस फेस-5 अयोध्यानगर – रेपीडो चालक
राहुल बाल्मीकी उर्फ अजय (25), निवासी कल्याण नगर, छोला मंदिर – हाउस कीपिंग
सराहनीय भूमिका:
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी महेश लिल्हारे, उनि. सुदील देशमुख सहित थाना स्टाफ एवं सायबर सेल की टीम की उल्लेखनीय भूमिका रही।
आपको यह भी पसंद आ सकता है
Loading...
कोई टिप्पणी नहीं: