मध्य प्रदेश में गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश में तेज लू चलने की चेतावनी जारी की है। खासतौर पर मालवा-निमाड़ और बुंदेलखंड क्षेत्र में गर्म हवाओं का असर सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार रतलाम प्रदेश का सबसे गर्म शहर रिकॉर्ड किया गया, जहां तापमान 45 डिग्री से ऊपर दर्ज हुआ। वहीं भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, खजुराहो, धार और नौगांव सहित कई शहरों में भी तेज गर्मी और उमस से लोग परेशान रहे। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिला और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले।
स्वास्थ्य विभाग ने भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। डॉक्टरों के मुताबिक लगातार बढ़ती गर्मी के कारण डिहाइड्रेशन, चक्कर आना और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। प्रशासन ने लोगों से दोपहर के समय धूप में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की अपील की है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ने और तेज धूप के कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। फिलहाल अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम दिखाई दे रही है।
संवाददाता: रुचिका धोटे, भोपाल
आपको यह भी पसंद आ सकता है
Loading...
कोई टिप्पणी नहीं: