मध्यप्रदेश में बदला मौसम: कई जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, कहीं तेज गर्मी तो कहीं राहत25 जिलों में मौसम विभाग का अलर्ट, तेज हवाओं और बारिश की चेतावनी
भोपाल। मध्यप्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। प्रदेश के कई जिलों में जहां तेज गर्मी लोगों को परेशान कर रही है, वहीं कई इलाकों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं का दौर शुरू हो गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने भोपाल, इंदौर, जबलपुर, उज्जैन समेत कई जिलों में बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में दो मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं। एक ट्रफ लाइन और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से पूर्वी और दक्षिणी जिलों में बादल, बारिश और तेज हवाओं की स्थिति बन रही है। वहीं पश्चिमी हिस्सों में गर्मी का असर अभी भी बना हुआ है।
राज्य मौसम केंद्र भोपाल ने नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, मंडला, डिंडौरी, सिवनी, शहडोल, उमरिया, सीधी, सिंगरौली और बालाघाट समेत कई जिलों में बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। कुछ इलाकों में बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।
बीते 24 घंटों के दौरान भोपाल, रायसेन, सागर, दमोह, बालाघाट, विदिशा और शिवपुरी समेत कई जिलों में कहीं हल्की बारिश तो कहीं तेज आंधी दर्ज की गई। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार सागर में 80 किलोमीटर प्रतिघंटा तक की तेज हवा रिकॉर्ड की गई।
वहीं दूसरी ओर प्रदेश के कई शहरों में गर्मी का असर भी बना हुआ है। रतलाम, नरसिंहपुर और उज्जैन में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया। भोपाल और इंदौर में भी पारा 40 डिग्री के करीब दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 24 घंटे बाद बारिश का असर कम होते ही फिर से तेज गर्मी बढ़ सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों को आंधी और बिजली चमकने के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है। किसानों को भी फसलों को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं क्योंकि तेज हवाओं और ओलावृष्टि से नुकसान की आशंका बनी हुई है।
संवाददाता – रुचिका धोटे, भोपाल
आपको यह भी पसंद आ सकता है
Loading...
कोई टिप्पणी नहीं: