मौसम विभाग के अनुसार, इंदौर, उज्जैन, नर्मदापुरम और जबलपुर संभाग के कई जिले इस अलर्ट के दायरे में हैं। इन क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जो सामान्य से काफी अधिक है।
विशेषज्ञों का कहना है कि प्रदेश में शुष्क और गर्म हवाओं के कारण तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रही हैं। कई शहरों में दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा देखा जा रहा है, जबकि अस्पतालों में गर्मी से संबंधित बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है।
मौसम केंद्र का यह भी कहना है कि इस सीजन में पहली बार इतने बड़े स्तर पर एक साथ लू का अलर्ट जारी किया गया है। आने वाले 4 दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में हीट वेव की स्थिति बनी रह सकती है। इसके बाद कुछ क्षेत्रों में मौसम में आंशिक बदलाव और हल्की राहत मिलने की संभावना जताई गई है।
प्रशासन ने लोगों को दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। साथ ही अधिक से अधिक पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और धूप से बचाव करने के निर्देश दिए गए हैं।
संवाददाता रुचिका धोटे, भोपाल

कोई टिप्पणी नहीं: