पीथमपुर इंडस्ट्रियल एरिया में भयंकर आग, कई फैक्ट्रियां आई चपेट में, केमिकल ब्लास्ट से कांपा इलाका, घंटों मशक्कत के बाद भी आग बेकाबू
आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास स्थित रेलवे और डिफेंस सेक्टर को सप्लाई करने वाली कई कंपनियां भी इसकी चपेट में आ गईं। आग के साथ लगातार हो रहे तेज धमाकों से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। हालांकि, केमिकल सामग्री होने के कारण आग पर काबू पाना काफी मुश्किल हो गया और देर रात तक राहत कार्य जारी रहा। प्रशासन ने आसपास के क्षेत्र को खाली करवा लिया और सुरक्षा के मद्देनजर इलाके को सील कर दिया गया।
प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक करोड़ों रुपये का नुकसान हो सकता है। आग लगने के कारणों की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
फिलहाल, स्थिति पर काबू पाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और राहत-बचाव कार्य लगातार जारी है।
संवाददाता रुचिका धोटे, भोपाल


कोई टिप्पणी नहीं: