जर्नलिस्ट्स यूनियन ऑफ मध्यप्रदेश (JUMP) की प्रांतीय कार्यसमिति बैठक भोपाल में सम्पन्न, पत्रकार हितों पर हुआ व्यापक मंथन
राजधानी भोपाल में आयोजित जर्नलिस्ट्स यूनियन ऑफ मध्यप्रदेश (जंप) की प्रांतीय कार्यसमिति बैठक स्थानीय शंकर होटल में पूर्व निर्धारित एजेंडे के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक में पत्रकारों के हितों, सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं एवं संगठनात्मक मजबूती को लेकर व्यापक और सार्थक चर्चा की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय श्रमजीवी पत्रकार संघ के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. नवीन आनंद जोशी रहे, जबकि अध्यक्षता जंप के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अरुण सक्सेना ने की। बैठक में प्रदेश भर से आए प्रांतीय पदाधिकारी, संभागीय एवं जिला इकाइयों के प्रतिनिधि, कार्यसमिति सदस्य एवं बड़ी संख्या में पत्रकार साथी उपस्थित रहे।
बैठक के प्रारंभिक सत्र में स्वागत एवं उद्घाटन के बाद पिछली बैठक की कार्यवाही की पुष्टि की गई तथा वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। सभी प्रस्तावों को ध्वनिमत से सर्वसम्मति से पारित किया गया। इस दौरान नए सदस्यों के निर्वाचन, भोपाल जिला इकाई की घोषणा तथा महिला यूनिट में विभिन्न पदों पर नियुक्तियों का अनुमोदन भी किया गया।
बैठक में पत्रकारों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए “पत्रकार सुरक्षा कानून (Journalist Protection Act)” लागू कराने की दिशा में रणनीति पर विस्तृत चर्चा हुई। फील्ड में कार्यरत पत्रकारों के साथ हो रही घटनाओं की समीक्षा करते हुए पत्रकार बीमा योजना, स्वास्थ्य सहायता, आपातकालीन कोष गठन एवं फर्जी मुकदमों व उत्पीड़न के मामलों में कानूनी सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। इसके लिए सरकार एवं प्रशासन के साथ सतत संवाद स्थापित करने का निर्णय लिया गया।
अधिमान्यता (Accreditation) प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने, पत्रकारों को आवास, पेंशन एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु सूचना विभाग से समन्वय बढ़ाने पर भी सहमति बनी।
डिजिटल युग की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए डिजिटल पत्रकारिता, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) एवं मीडिया एथिक्स पर विशेष कार्यशालाओं के आयोजन का निर्णय लिया गया। युवा पत्रकारों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम, फैक्ट-चेकिंग एवं साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण को भी प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। फेक न्यूज की रोकथाम एवं पत्रकारिता की विश्वसनीयता बनाए रखने हेतु संगठन की आचार संहिता के कड़ाई से पालन पर बल दिया गया।
बैठक में प्रेस दिवस, पत्रकार सम्मान समारोह, राज्य स्तरीय सम्मेलन एवं अधिवेशन की रूपरेखा तैयार करने के साथ सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों जैसे होली मिलन एवं नववर्ष मिलन के आयोजन पर भी चर्चा की गई। संगठन के आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत कर आगामी बजट का अनुमोदन किया गया तथा फंड रेजिंग एवं संसाधन जुटाने के प्रस्तावों पर विचार-विमर्श हुआ।
विशेष रूप से प्रदेश स्तर पर “पत्रकार सुरक्षा हेल्पलाइन” शुरू करने, “जंप डिजिटल प्लेटफॉर्म/ऐप” लॉन्च करने तथा प्रत्येक जिले में “मीडिया सेंटर” स्थापित करने जैसे महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी बैठक में रखे गए, जिन पर सकारात्मक सहमति बनी।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. कमल आलोक प्रसाद, प्रांतीय महासचिव महेंद्र शर्मा, प्रांतीय सचिव अमित वर्मा, राजीव गौर, एसके शर्मा, प्रांतीय कोषाध्यक्ष श्याम निगम, संगठन सचिव हर्ष नायक, भोपाल संभागीय अध्यक्ष राव भूपेंद्र सिंह, उपाध्यक्ष शुभम जैन सहित महिला यूनिट की प्रांतीय महासचिव सानिसा हर्णे, संभागीय अध्यक्ष हिना मंसूरी, जिला अध्यक्ष नेहा पांडे, जिला सचिव तनुश्री राठौर तथा भोपाल जिला कार्यकारिणी के अध्यक्ष सुरेंद्र मिश्रा, महासचिव रवींद्र वैष्णव, उपाध्यक्ष उमाशंकर व्यास, आनंद त्रिपाठी सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
आपको यह भी पसंद आ सकता है
Loading...
कोई टिप्पणी नहीं: