नर्मदापुरम। जिले के सोहागपुर क्षेत्र में सोमवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां दिनदहाड़े 16 वर्षीय छात्रा का अपहरण कर लिया गया। इस मामले ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया।
जानकारी के अनुसार, छात्रा को उसके ही बॉयफ्रेंड ने अपने चार साथियों के साथ मिलकर अगवा किया। आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से मेन मार्केट से छात्रा को लाल रंग की कार में बैठाकर फरार हो गए। घटना के बाद परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई शुरू की।
अपहरण के बाद आरोपी पुलिस से बचने के लिए माखन नगर क्षेत्र में पहुंचकर अपनी कार बदल ली, ताकि उनकी पहचान छुप सके और वे पुलिस को चकमा दे सकें। लेकिन पुलिस ने तकनीकी जांच और लगातार पीछा करते हुए महज 4 घंटे के भीतर सभी आरोपियों को पकड़ लिया।
पुलिस ने इस मामले में बॉयफ्रेंड सहित कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। छात्रा को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है और फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ अपहरण समेत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस घटना के पीछे कोई और साजिश या कारण तो नहीं है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं, वहीं पुलिस ने लोगों को आश्वस्त किया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
संवाददाता रुचिका धोटे, भोपाल

.jpeg)
कोई टिप्पणी नहीं: