भोपाल की 29 शराब दुकानों के आज फिर टेंडर: ₹520 करोड़ रिजर्व प्राइस; पहले दौर में नहीं आया था कोई खरीदार
भोपाल। राजधानी भोपाल की 29 शराब दुकानों के लिए आज, गुरुवार को एक बार फिर से टेंडर प्रक्रिया आयोजित की जा रही है। इन दुकानों को 7 समूहों में बांटा गया है और इनका कुल रिजर्व प्राइस लगभग 520 करोड़ रुपए तय किया गया है। आबकारी विभाग को उम्मीद है कि इस बार बोली प्रक्रिया में ठेकेदार रुचि दिखाएंगे।
इससे पहले 2 मार्च को भी इन दुकानों के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी की गई थी, लेकिन किसी भी ठेकेदार ने बोली नहीं लगाई थी। विभागीय अधिकारियों के अनुसार रिजर्व प्राइस अधिक होने और कुछ दुकानों की लोकेशन को लेकर व्यापारियों ने रुचि नहीं दिखाई। पहले चरण में खरीदार नहीं मिलने के कारण सरकार को राजस्व हानि की आशंका भी जताई जा रही थी।
बताया जा रहा है कि इन 29 दुकानों में शहर के प्रमुख और व्यावसायिक क्षेत्रों की दुकानें शामिल हैं। आबकारी विभाग ने सभी औपचारिक तैयारियां पूरी कर ली हैं और ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों माध्यमों से प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से कराई जाएगी। यदि इस बार भी पर्याप्त बोली नहीं आती है, तो रिजर्व प्राइस में संशोधन या पुनः टेंडर की प्रक्रिया अपनाई जा सकती है।
विभाग के अधिकारियों का कहना है कि नई आबकारी नीति के तहत सरकार राजस्व बढ़ाने पर फोकस कर रही है। ऐसे में इन दुकानों का आवंटन जल्द से जल्द करना प्रशासन की प्राथमिकता है। आज होने वाली टेंडर प्रक्रिया पर व्यापारियों और प्रशासन दोनों की नजरें टिकी हुई हैं।
आपको यह भी पसंद आ सकता है
Loading...

कोई टिप्पणी नहीं: