मेट्रो ट्रेन से विकास को मिलती है रफ्तार

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मेट्रो में किया सफर

भोपाल | 20 दिसंबर 2025
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल को आधुनिक शहरी परिवहन की बड़ी सौगात मिली है। मेट्रो ट्रेन के परिचालन प्रारंभ होने पर शनिवार शाम मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सुभाष नगर से एम्स मेट्रो स्टेशन तक लगभग 7 किलोमीटर की दूरी मेट्रो ट्रेन से तय की। इस ऐतिहासिक यात्रा में उनके साथ केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने मेट्रो यात्रा के दौरान आम यात्रियों से संवाद किया और उनसे मेट्रो सुविधा को लेकर उनके अनुभव जाने। यात्रियों ने मेट्रो को सुरक्षित, सुविधाजनक और समय बचाने वाला साधन बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मेट्रो जैसी आधुनिक परिवहन व्यवस्था से शहर के विकास को नई दिशा और गति मिलती है।
एम्स मेट्रो स्टेशन पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने वहां मौजूद नागरिकों और मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा करते हुए कहा कि भोपाल मेट्रो शहरी परिवहन के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। मेट्रो के प्रारंभ होने से न केवल यातायात का दबाव कम होगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और समय की बचत में भी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि मेट्रो से विकास को पंख लग जाते हैं और शहर की प्रगति की नई कहानी शुरू होती है।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से एम्स आने वाले रोगियों, उनके परिजनों और आम नागरिकों के लिए मेट्रो को अत्यंत उपयोगी सुविधा बताया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं तक सुगम और तेज़ पहुंच सुनिश्चित करने में मेट्रो अहम भूमिका निभाएगी।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने केंद्र सरकार के सहयोग के लिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इंदौर मेट्रो से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए भी केंद्र सरकार निरंतर सहयोग कर रही है और आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराई जा रही है। मध्य प्रदेश में शहरी विकास की योजनाओं को लेकर भारत सरकार का पूर्ण सहयोग प्राप्त हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि आज ही राज्य में 262 विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया है, जो प्रदेश के समग्र विकास की दिशा में बड़ा कदम है। मेट्रो ट्रेन के शुभारंभ के अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश की समस्त जनता को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
भोपाल मेट्रो का यह पहला चरण राजधानी को आधुनिक, सुरक्षित और स्मार्ट शहरी परिवहन की ओर ले जाने वाला महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे आने वाले समय में भोपाल को एक नई पहचान मिलेगी।

आपको यह भी पसंद आ सकता है

Loading...

कोई टिप्पणी नहीं:

Blogger द्वारा संचालित.
RRDdailynews Logo
RRD Daily News Usually replies within an hour
Hello, how can we help you? ...
Send