मुख्यमंत्री ने गिनाईं सरकार की दो वर्ष की उपलब्धियां नक्सलवाद, जल प्रबंधन, उद्योग, शिक्षा और कल्याण योजनाओं पर रहा फोकस
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में मध्यप्रदेश सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर विभिन्न क्षेत्रों में किए गए कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस अवधि में राज्य में विकास से जुड़ी कई परियोजनाएं आगे बढ़ी हैं और प्रशासनिक स्तर पर विभिन्न सुधार लागू किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई, जिसके चलते 42 दिनों में 42 नक्सलवादियों ने आत्मसमर्पण किया। सरकार द्वारा नक्सलियों के पुनर्वास के लिए योजनाएं भी लागू की गई हैं। इस दौरान नक्सलवाद से जुड़े अभियानों में शहीद हुए जवानों को भी उन्होंने स्मरण किया।
जल संसाधन प्रबंधन पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि केन–बेतवा नदी जोड़ो परियोजना सहित अन्य नदी जोड़ो योजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। आगामी पांच वर्षों में लगभग 100 लाख हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। ताप्ती वॉटर रिचार्ज परियोजना और अन्य अंतर-राज्यीय जल परियोजनाओं का भी उल्लेख किया गया।
औद्योगिक विकास के संदर्भ में मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में पहली बार ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन किया गया, जिससे विभिन्न जिलों में निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए। निवाड़ी, झाबुआ और नीमच जैसे जिलों में औद्योगिक परियोजनाएं स्थापित की जा रही हैं। धार जिले में पीएम मित्र पार्क की आधारशिला रखे जाने और विक्रम उद्योगपुरी में दवा उद्योगों के संचालन की जानकारी भी दी गई।
शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में सरकार द्वारा नए कॉलेज और चिकित्सा संस्थान खोले जाने की बात कही गई। मुख्यमंत्री के अनुसार, प्रदेश में सरकारी और निजी मिलाकर मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़कर 52 हो गई है। नई शिक्षा नीति के तहत पीएम एक्सीलेंस कॉलेज भी शुरू किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि ऊर्जा क्षेत्र में सोलर परियोजनाओं के माध्यम से बिजली उत्पादन बढ़ाया जा रहा है। साथ ही कचरे और पराली से ऊर्जा उत्पादन की दिशा में भी कार्य हो रहा है। परिवहन और पर्यटन के क्षेत्र में नई नीतियों, हवाई सेवाओं और धार्मिक स्थलों के विकास कार्यों का उल्लेख भी किया गया।
सामाजिक कल्याण योजनाओं पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों, महिलाओं और गरीब वर्ग के लिए विभिन्न योजनाएं लागू की गई हैं। लाड़ली बहना योजना के तहत सहायता राशि में वृद्धि की गई है, वहीं कृषि उत्पादों की खरीदी के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य और भावांतर जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
प्रेस वार्ता के दौरान जनसम्पर्क विभाग द्वारा प्रकाशित सरकार की दो वर्ष की उपलब्धियों से संबंधित पुस्तकों का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री, वरिष्ठ मंत्री, विधायक और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
संवादाता : रुचिका धोटे , भोपाल

कोई टिप्पणी नहीं: