मध्य प्रदेश में मौसम का डबल अटैक, कहीं आंधी-बारिश तो कहीं लू का कहर ,भोपाल-इंदौर समेत कई जिलों में बदला मौसम, IMD ने जारी किया अलर्ट
भोपाल। मध्य प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। प्रदेश के कई जिलों में जहां तेज गर्मी और लू से लोग परेशान हैं, वहीं दूसरी ओर कई इलाकों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग (IMD) ने भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, छिंदवाड़ा, बैतूल समेत करीब 25 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक प्रदेश के पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कई स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में तापमान अभी भी 42 से 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी दोनों का सामना करना पड़ रहा है।
भोपाल और आसपास के क्षेत्रों में बादल छाने और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। इंदौर और उज्जैन में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि यह बदलाव प्री-मानसून गतिविधियों और सक्रिय वेदर सिस्टम की वजह से हो रहा है।
विशेषज्ञों ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। तेज आंधी और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए खुले स्थानों पर न रुकने, पेड़ों के नीचे खड़े न होने और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की गई है। वहीं गर्मी वाले इलाकों में लोगों को पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी गई है।
संवाददाता रुचिका धोटे, भोपाल
आपको यह भी पसंद आ सकता है
Loading...
कोई टिप्पणी नहीं: