गुना में औद्योगिक विकास की नई शुरुआत, CM मोहन यादव आज करेंगे ₹1100 करोड़ के सीमेंट प्लांट का भूमिपूजन
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री Mohan Yadav आज 10 मई को गुना जिले के दौरे पर हैं। इस दौरान वे केंद्रीय मंत्री Jyotiraditya Scindia के साथ मिलकर अदाणी समूह के बड़े सीमेंट प्लांट परियोजना का भूमिपूजन करेंगे। यह परियोजना करीब ₹1100 करोड़ की लागत से तैयार की जा रही है और इसे ग्वालियर-चंबल क्षेत्र का पहला बड़ा सीमेंट प्लांट माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, अदाणी समूह ने गुना क्षेत्र में लगभग ₹3500 करोड़ निवेश की योजना बनाई है। परियोजना के तहत अत्याधुनिक तकनीक से लैस सीमेंट ग्राइंडिंग यूनिट स्थापित की जाएगी। कार्यक्रम में उद्योगपति प्रणव अदाणी के भी शामिल होने की संभावना जताई गई है।
यह कार्यक्रम गुना के दशहरा मैदान में आयोजित होगा, जहां मुख्यमंत्री मोहन यादव और ज्योतिरादित्य सिंधिया जनसभा को भी संबोधित करेंगे। प्रशासन ने कार्यक्रम को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं। शहर में रोड शो, विभागीय प्रदर्शनी और विभिन्न सरकारी योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ वितरण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
सरकार का दावा है कि इस परियोजना से स्थानीय युवाओं को बड़े स्तर पर रोजगार मिलेगा। प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सैकड़ों लोगों को नौकरी मिलने की संभावना है। साथ ही परिवहन, व्यापार, पैकेजिंग और अन्य सेवा क्षेत्रों को भी बढ़ावा मिलेगा।
विशेषज्ञों के अनुसार, इस सीमेंट प्लांट के शुरू होने से गुना जिला औद्योगिक मानचित्र पर नई पहचान बना सकता है। क्षेत्र में सड़क, बिजली और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।
संवाददाता : रुचिका धोटे, भोपाल
आपको यह भी पसंद आ सकता है
Loading...
कोई टिप्पणी नहीं: