तेज आंधी और बारिश से बदला मध्य प्रदेश का मौसम, कई जिलों में अलर्ट जारी, भोपाल समेत प्रदेशभर में मौसम का असर, अगले कुछ दिन राहत और गर्मी दोनों के संकेत
भोपाल। मध्य प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। प्रदेश के कई जिलों में पिछले एक सप्ताह से आंधी, बारिश और गरज-चमक का दौर जारी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने भोपाल, ग्वालियर, रीवा, जबलपुर सहित कई जिलों में तेज हवाओं और हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ, चक्रवाती परिसंचरण और ट्रफ लाइन के सक्रिय होने से प्रदेश का मौसम लगातार बदल रहा है।
मौसम विभाग ने ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा और मऊगंज जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है। कई इलाकों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। वहीं कुछ जिलों में ओलावृष्टि और बिजली गिरने की चेतावनी भी दी गई है।
राजधानी भोपाल सहित इंदौर, उज्जैन और जबलपुर में दिन के समय गर्मी बनी हुई है, लेकिन शाम होते ही मौसम बदल रहा है। पिछले दिनों हुई बारिश के कारण कई शहरों के तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले चार दिनों तक प्रदेश में ऐसा ही मिला-जुला मौसम बना रह सकता है।
प्रदेश के रीवा, शहडोल, मंडला, बालाघाट, डिंडोरी और उमरिया जिलों में ओलावृष्टि और तेज हवाओं का असर भी देखने को मिला है। कई स्थानों पर पेड़ गिरने और बिजली बाधित होने की घटनाएं सामने आई हैं। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने की सलाह दी है।
मौसम विभाग ने किसानों के लिए भी एडवाइजरी जारी की है। किसानों को फसल और अनाज को सुरक्षित स्थानों पर रखने तथा आंधी-बारिश के दौरान खेतों में काम न करने की सलाह दी गई है। विशेषज्ञों के अनुसार 9 मई के बाद प्रदेश में एक बार फिर तापमान बढ़ सकता है और कई जिलों में भीषण गर्मी लौटने की संभावना है।
संवाददाता रुचिका धोटे, भोपाल
आपको यह भी पसंद आ सकता है
Loading...
कोई टिप्पणी नहीं: