बालाघाट में दर्दनाक हादसा: चलती कार में लगी आग, तीन लोगों की जलकर मौत,बच्ची की आपबीती: “कार में लगी आग, सब चिल्ला रहे थे”, टेंपो चालक ने बचाई जान
मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां पूजा से लौट रहे लोगों की कार अचानक आग की चपेट में आ गई। बताया जा रहा है कि कार में सवार लोग किसी धार्मिक कार्यक्रम से वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में अचानक वाहन में आग लग गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ ही पलों में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। कार में बैठे लोग बाहर निकलने की कोशिश करते रहे, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण तीन लोग जिंदा जल गए। इस हादसे से इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के दौरान कार में मौजूद एक छोटी बच्ची ने अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि जैसे ही आग लगी, सभी लोग घबराकर चिल्लाने लगे और धुआं फैलने से सांस लेना मुश्किल हो गया। उसी दौरान वहां से गुजर रहे एक टेंपो चालक ने बहादुरी दिखाते हुए गाड़ी रोकी और कार का शीशा तोड़कर बच्ची को बाहर निकाला, जिससे उसकी जान बच सकी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी को आग लगने का कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है, वहीं टेंपो चालक की बहादुरी की हर तरफ सराहना हो रही है।
संवाददाता रुचिका धोटे, भोपाल

कोई टिप्पणी नहीं: