पाकिस्तान की काबुल में एयरस्ट्राइक, सैकड़ों लोगों की मौत का दावा, तालिबान ने लगाया आरोप – नशा मुक्ति केंद्र और अस्पताल बने निशाना
अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में सोमवार रात बड़े पैमाने पर धमाके और आगजनी की घटनाएं सामने आई हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान द्वारा कथित एयरस्ट्राइक किए जाने का दावा किया जा रहा है। इन हमलों के बाद कई इमारतों में भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
तालिबान प्रशासन का आरोप है कि पाकिस्तान ने काबुल के रिहायशी इलाकों के साथ-साथ एक नशा मुक्ति केंद्र और अस्पताल को भी निशाना बनाया। इन हमलों में करीब 400 लोगों की मौत और 250 से अधिक लोगों के घायल होने का दावा किया गया है। हालांकि, इन आंकड़ों की स्वतंत्र पुष्टि अभी तक नहीं हो पाई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, हमले के समय कई लोग इमारतों के अंदर मौजूद थे, जिससे हताहतों की संख्या तेजी से बढ़ी। धमाकों के बाद बचाव दल और सुरक्षाबल मौके पर पहुंच गए और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
वहीं, पाकिस्तान की ओर से इस घटना को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस घटना को लेकर चिंता जताई जा रही है और दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर इस तरह के हमलों की पुष्टि होती है, तो यह क्षेत्रीय स्थिरता के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। फिलहाल, पूरे मामले की सच्चाई सामने आने के लिए आधिकारिक पुष्टि और जांच का इंतजार किया जा रहा है।
संवाददाता: रुचिका धोटे

कोई टिप्पणी नहीं: