लखनऊ में सनसनीखेज वारदात: बेटे ने पिता की गोली मारकर हत्या की, शव के टुकड़े ड्रम में छिपाए आशियाना सेक्टर-एल के मकान में मिला क्षत-विक्षत शव
पुलिस के अनुसार मृतक मानवेंद्र प्रताप सिंह स्थानीय कारोबारी थे और 20 फरवरी की सुबह से घर से लापता बताए जा रहे थे। परिजनों और आसपास के लोगों की सूचना पर जब पुलिस ने मकान की तलाशी ली तो घर के भीतर संदिग्ध हालात मिले। जांच के दौरान एक नीले ड्रम के अंदर शव के टुकड़े बरामद हुए, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
बॉडी के हिस्से फेंकने का आरोप
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी बेटे ने शव के कुछ हिस्से सदरौना क्षेत्र के पास फेंक दिए, जबकि बाकी हिस्सों को घर में ड्रम में छिपा दिया। पुलिस टीम अब शेष अवशेषों की तलाश में जुटी है और आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
पढ़ाई के दबाव में उठाया खौफनाक कदम?
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी अक्षय प्रताप सिंह पर प्रतियोगी परीक्षा NEET की तैयारी को लेकर पिता द्वारा अत्यधिक दबाव डाला जा रहा था। इसी तनाव के चलते वारदात को अंजाम देने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और मानसिक स्थिति, पारिवारिक विवाद व अन्य संभावित कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।
आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हत्या में प्रयुक्त लाइसेंसी बंदूक को भी बरामद कर लिया गया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस जघन्य घटना से आशियाना क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने कहा है कि मामले की गहन जांच जारी है और सभी तथ्यों को सामने लाया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं: